रायपुर में गुरु घासीदास जयंती की तैयारी शुरू, 16 दिसंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
रायपुर। सतनाम पंथ के प्रवर्तक परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 270वीं जयंती को भव्य एवं धूमधाम से मनाने के लिए राजधानी रायपुर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस अवसर पर आगामी 16 दिसंबर को विशाल शोभायात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है।
इस संबंध में रविवार, 22 नवंबर को न्यू राजेंद्र नगर स्थित गुरु घासीदास साहित्य एवं संस्कृति अकादमी भवन में सतनामी समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने हिस्सा लिया। सर्वसम्मति से जयंती पर्व को भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया गया तथा आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कमल कुर्रे ने बताया कि 16 दिसंबर को दोपहर 3 बजे आमापारा प्लाजा से सात ध्वजवाहक संतों की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, बाबा गुरु घासीदास जी की जीवंत झांकी, डीजे एवं धुमाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। रायपुर के विभिन्न वार्डों से भी झांकियां शामिल होंगी।
बैठक में झांकी तैयार करने वाले साथियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। युवाओं ने अपने सुझाव देते हुए पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। साथ ही शोभायात्रा को अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजन की सफलता के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा सभी से अभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया।
आयोजन समिति ने समाज के सभी लोगों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा गुरु घासीदास जी की 270वीं जयंती को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने की अपील की है।
सादर सूचनार्थ। जय सतनाम! कमल कुर्रे
सतनामी समाज रायपुर कार्यक्रम आयोजन समिति


