बिरगांव। छठ महापर्व को लेकर नगर निगम बिरगांव क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी महापर्व को लेकर निगम क्षेत्र के प्रमुख व्यास तालाब सहित सभी छठ तालाबों एवं घाटों पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
नगर निगम वार्ड क्रमांक 28 के पार्षद एवं लोक निर्माण विभाग के प्रभारी इकराम अहमद ने बताया कि छठ पर्व के मद्देनजर घाटों की साफ-सफाई, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत छठ घाटों की सफाई, पचरी की रंगाई-पुताई तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने का कार्य कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में व्रतधारी एवं श्रद्धालु तालाबों और घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इकराम अहमद ने निगम प्रशासन से अपील की है कि छठ पूजा से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराई जाएं। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से भी छठ घाटों और तालाबों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
इकराम अहमद
प्रभारी, लोक निर्माण विभाग
नगर निगम बिरगांव, रायपुर


