छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय से मिले तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, दोनों राज्यों के साझा हितों पर हुई चर्चा
रायपुर, 17 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। यह मुलाकात नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग और साझा हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ आगमन पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुलाकात के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने दोनों राज्यों के हितों से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद बनाए रखने तथा आपसी सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर तेलंगाना के जल संसाधन मंत्री श्री एन. रेड्डी, छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव श्री विकास शील, तेलंगाना के मुख्य सचिव श्री संजय जाजू सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सचिव श्री राहुल भगत तथा छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग के सचिव श्री राजेश सुकुमार टोप्पो सहित तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
इस सौजन्य मुलाकात को दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद और आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सत्य के अंजोर न्यूज | सटीक एवं जिम्मेदाराना खबरें


