रायपुर: खमतराई में युवक की हत्या का खुलासा, महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, 25 अगस्त 2025।
खमतराई थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या का कारण अवैध संबंध बताया जा रहा है।
मामला ऐसे खुला
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त की सुबह खमतराई के रावाभाठा क्षेत्र स्थित मिलाल बाड़ा के पीछे खाली प्लॉट में एक बोरी में बंद शव मिला। शव के हाथ-पांव रस्सी से बंधे हुए थे और चेहरे पर कपड़ा लिपटा हुआ था। मृतक के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।
एफएसएल टीम की जांच के बाद मृतक की पहचान रामा माडे (23 वर्ष), निवासी टीटीबेरी, जिला मलकानगिरी, उड़ीसा के रूप में हुई, जो रायपुर के आरआर इंडस्ट्रीज, मेटल पार्क में मजदूरी करता था।
अवैध संबंध बना मौत का कारण
जांच में सामने आया कि मृतक का उसी कंपनी में काम करने वाली विवाहित महिला सोनम बंजारे से अवैध संबंध था। पूछताछ में सोनम ने कबूल किया कि घटना के दिन वह और रामा आपत्तिजनक हालत में थे तभी उसका पति कृष्णा बंजारे वहां पहुंच गया। आवेश में आकर कृष्णा ने लकड़ी के बत्ते से रामा के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को छिपाने के लिए कृष्णा और सोनम ने अपने साथी रामकृष्ण बंजारे उर्फ राजाराम को बुलाया। तीनों ने मिलकर शव को बोरी में भरकर मोटरसाइकिल से सुनसान इलाके में फेंक दिया।
पुलिस की तत्परता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर महज कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों से मृतक का मोबाइल, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और मोटरसाइकिल (CG 04 DH 9405) जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. कृष्णा बंजारे (44 वर्ष) – निवासी आजाद नगर, महादेव चौक, रावाभाठा।
2. रामकृष्ण बंजारे उर्फ राजाराम (40 वर्ष) – निवासी रावाभाठा तिरंगा चौक।
3. सोनम बंजारे (30 वर्ष) – निवासी आजाद नगर, महादेव चौक, रावाभाठा।
धाराएं
आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 964/25, धारा 103, 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।


