बीरगांव। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश देते हुए नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा आडवाणी स्कूल परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत महापौर श्री नंदलाल देवांगन जी, सभापति श्री कृपा राम निषाद जी, आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा जी, पार्षदगण एवं विद्यालय के प्राचार्य की उपस्थिति में हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं नशामुक्ति की शपथ लेकर समाज को जागरूकता का संदेश दिया।
मानव श्रृंखला से बनाया गया विशाल अशोक चक्र
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने एकजुट होकर विशाल अशोक चक्र की मानव श्रृंखला बनाई। एकता और देशभक्ति की यह अनूठी झलक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
इसके बाद महापौर श्री नंदलाल देवांगन जी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा को रवाना किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, निगम कर्मचारी एवं आमजन देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए।
आडवाणी स्कूल से नगर निगम कार्यालय तक निकली तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा आडवाणी स्कूल से प्रारंभ होकर बुधवार बाजार एवं बुधवारी बाजार होते हुए नगर पालिक निगम बीरगांव कार्यालय पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और भारत माता के जयघोष से क्षेत्र गूंज उठा।
इस अवसर पर महापौर श्री नंदलाल देवांगन जी, सभापति श्री कृपा राम निषाद जी, आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा जी, MIC सदस्य श्री संतोष साहू जी, पार्षद श्री दिलदार कुमरे जी, श्री डिकेन्द्र सिन्हा जी, प्राचार्य श्री शिरमौर सर, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
देशभक्ति, एकता, स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश देती यह तिरंगा यात्रा बीरगांव में स्वतंत्रता दिवस की भावना को और मजबूत करने वाली साबित हुई।


