शहर सीरत-उन-नबी कमेटी की पहल, वरिष्ठ नागरिकों को मिली कानूनी व सामाजिक जानकारी
रायपुर। शहर सीरत-उन-नबी कमेटी द्वारा संचालित सामाजिक काउंसलिंग सेंटर के तत्वावधान में बुज़ुर्गों के अधिकार, सम्मान एवं सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन शनिवार को नूर-ए-सुब्ह हॉल, शास्त्री बाज़ार में सफलतापूर्वक किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उन वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करना था जो पारिवारिक उपेक्षा, मानसिक प्रताड़ना अथवा अपने वैधानिक अधिकारों के हनन जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान बुज़ुर्गों को उनके कानूनी अधिकार, आत्मसम्मान, सुरक्षा तथा सामाजिक काउंसलिंग की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में Senior Citizen Act 2007, भारतीय कानून में बुज़ुर्गों के अधिकार, परिवार द्वारा प्रताड़ित बुज़ुर्गों के लिए उपलब्ध कानूनी उपाय, सामाजिक काउंसलिंग की भूमिका तथा इस्लाम में बुज़ुर्गों के सम्मान के महत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने वास्तविक मामलों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए समाधानात्मक मार्गदर्शन भी दिया।
कार्यक्रम में सामाजिक काउंसलिंग सेंटर के पैनल से जुड़े वरिष्ठ एवं अनुभवी सदस्यों की उपस्थिति रही, जिनमें शरीफ मोहम्मद (पूर्व अतिरिक्त कलेक्टर), अब्दुल शफीक खान (सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक), फैसल रिज़वी एवं सैयद ज़ाकिर अली (वरिष्ठ अधिवक्ता), अब्दुल रफीक खान एवं एम.के. घौरी (पूर्व अधिकारी, सीएसईबी), निकहत खान, अय्यूब परीक, बाबा नवाब (सामाजिक कार्यकर्ता), कारी इमरान (इमाम, बैरन बाज़ार मस्जिद), नाज़मा परवीन (आलिमा) तथा एडवोकेट शमीम रहमान (महिला आयोग) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद सोहेल सेठी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की मजबूती बुज़ुर्गों के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि शहर सीरत-उन-नबी कमेटी बुज़ुर्गों के अधिकारों की रक्षा, पारिवारिक सुलह और सामाजिक शांति के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। कार्यक्रम की समन्वय एवं संगठनात्मक व्यवस्था मोहम्मद सिराज द्वारा की गई।
इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न मस्जिदों के सदर एवं वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज में आपसी समझ, अमन और भाईचारे को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।
कमेटी द्वारा संचालित सामाजिक काउंसलिंग सेंटर राजा तालाब क्षेत्र में बी.पी. पुजारी स्कूल के पीछे स्थित है। इसके अलावा कमेटी कार्यालय बैजनाथपारा, मदरसा चौक में भी आमजन निःशुल्क काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन के लिए संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम की जानकारी शहर सीरत-उन-नबी कमेटी के मीडिया प्रभारी शेख शकील एवं अब्दुल नादिर खान द्वारा संयुक्त रूप से दी गई।
कमेटी का संदेश:
“झगड़े कम हों, आपसी समझ बढ़े और समाज में अमन, सौहार्द एवं भाईचारा कायम हो।”


