कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी के प्रयासों से करोड़ों के कार्यों को मिली स्वीकृति
आरंग/रायपुर।छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित शीतकालीन सत्र में राज्य गठन के बाद का अब तक का सबसे बड़ा अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया गया। वित्त मंत्री माननीय श्री ओपी चौधरी जी द्वारा पेश किए गए इस बजट में 35 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिसका सीधा और व्यापक लाभ आरंग विधानसभा क्षेत्र को मिलने जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधानसभा के लोकप्रिय विधायक श्री गुरु खुशवंत साहेब जी के सतत प्रयासों से आरंग क्षेत्र को करोड़ों रुपये की ऐतिहासिक विकास सौगात मिली है। मंत्री श्री खुशवंत साहेब जी ने इस अनुपूरक बजट को जनहितकारी, विकासपरक और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आरंग के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ अंजोर 2047” के स्वर्णिम लक्ष्य को साकार करने की दिशा में यह बजट मील का पत्थर साबित होगा।
आरंग विधानसभा के लिए बजट में प्रमुख स्वीकृतियां—
🔹 नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेन्ध जलाशय के संवर्धन एवं विकास कार्य हेतु 2000 लाख रुपए की स्वीकृति, जिससे जल-संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
🔹 नवा रायपुर अटल नगर अंतर्गत ग्राम नवागांव खुटेरी, उपरवारा, तूता, खपरी, चिचा एवं छतौना में ग्राम विकास योजनांतर्गत सड़क एवं अधोसंरचना विकास कार्यों के लिए 3000 लाख रुपए का प्रावधान।
🔹 सेक्टर–28, नवागांव (नवा रायपुर) में शासकीय नवीन महाविद्यालय के नवीन भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटन के लिए 363.995 लाख रुपए की स्वीकृति, जिससे उच्च शिक्षा को मजबूती मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने कहा कि इन विकास कार्यों से आरंग विधानसभा में शिक्षा, आधारभूत संरचना, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस ऐतिहासिक विकास सौगात के लिए उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी एवं वित्त मंत्री माननीय श्री ओपी चौधरी जी के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।


