भिंभोरी।प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित भिंभोरी (पंजीयन क्रमांक 633) में धान खरीदी के बाद उठाव को लेकर गंभीर समस्या सामने आई है। समिति में कुल 21432 क्विंटल धान की खरीदी की गई, लेकिन अब तक केवल 4467.35 क्विंटल धान का ही उठाव हो पाया है। शेष धान लंबे समय से समिति परिसर में पड़ा हुआ है।

धान का उठाव समय पर नहीं होने के कारण समिति प्रबंधन के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ती जा रही है। गोदामों में जगह की कमी, मौसम का असर और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। किसानों का कहना है कि यदि जल्द उठाव नहीं हुआ तो धान खराब होने का खतरा बना रहेगा।
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लग रहे हैं कि संबंधित एजेंसियों की लापरवाही के कारण उठाव प्रक्रिया धीमी है। कई बार सूचना देने के बावजूद ट्रांसपोर्ट और मिलिंग व्यवस्था समय पर नहीं पहुंच रही है, जिससे समिति पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।
समिति प्रबंधन ने संबंधित विभाग और मार्कफेड अधिकारियों को उठाव तेज करने के लिए पत्राचार किए जाने की बात कही है। वहीं किसानों ने मांग की है कि शीघ्र धान उठाव की ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार का नुकसान न उठाना पड़े।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेकर समाधान करता है।


