बीरगांव।नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा शहरवासियों को मच्छर जनित बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए व्यापक और सुनियोजित फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वर्शा के निर्देशन में शहर के सभी 40 वार्डों में वार्ड-वार मासिक फॉगिंग शेड्यूल लागू किया गया है, जिसके तहत प्रत्येक माह नियमित रूप से फॉगिंग कराई जा रही है।
इस अभियान की खास बात यह है कि फॉगिंग केवल रिहायशी इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बाजार क्षेत्रों, दुकानों एवं सभी व्यावसायिक (कमर्शियल) परिसरों में भी प्रभावी रूप से की जा रही है। इसका उद्देश्य डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मच्छर जनित संक्रामक बीमारियों के फैलाव पर पूरी तरह अंकुश लगाना है।
नगर निगम का स्वास्थ्य अमला लगातार फॉगिंग कार्य की निगरानी कर रहा है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी वार्डों में समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण छिड़काव हो। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है कि वे फॉगिंग के दौरान सतर्क रहें और अपने घरों व आसपास पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छरों के पनपने पर रोक लगाई जा सके।
नगर पालिक निगम बीरगांव की यह पहल शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम मानी जा रही है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।


