धरसींवा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पथरी (खुडमुड़ी) स्थित श्रद्धेय जगन्नाथ बघेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव मंगलवार को हर्षोल्लास और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों द्वारा उनका पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ आत्मीय स्वागत किया गया।
वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि “शिक्षा ही प्रगति का एकमात्र मार्ग है।” उन्होंने स्वामी विवेकानंद और अर्जुन-द्रोणाचार्य के प्रसंग का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य पर केंद्रित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि असफलता से निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि गिरकर उठना ही सफलता की पहली सीढ़ी होती है।
विधायक शर्मा ने विद्यार्थियों से मोबाइल और अन्य भटकावों से दूर रहकर पढ़ाई, खेलकूद और कला में संतुलन बनाए रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संसाधनों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और वे स्कूल के विकास के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सविता चंद्राकर, शकुंतला ढिलेंद सेन, दिनेश खुटे, भरत सोनी, प्रीति सोनी, रविप्रकाश शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


