बीरगांव | सत्य के अंजोर न्यूज कारा स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। उरला औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाला केमिकल युक्त दूषित पानी बिना ट्रीटमेंट किए सीधे खारून नदी में छोड़े जाने का मामला निरीक्षण के दौरान उजागर हुआ।
इंदौर में दूषित जल से हुई 16 मौतों की घटना से सबक लेते हुए बीरगांव नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन एवं निगम आयुक्त युगल किशोर उर्वशा ने अधिकारियों की टीम के साथ कारा स्थित STP और बेंद्री स्थित निगम इंटकवेल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्लांट में कई गंभीर खामियां पाई गईं।
निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि उद्योगों से निकलने वाले केमिकल युक्त गंदे पानी को शुद्ध किए बिना ही नदी की ओर छोड़ा जा रहा है, जिससे खारून नदी का जल दूषित हो रहा है। खास बात यह है कि कारा STP प्लांट के समीप ही बीरगांव नगर निगम का इंटकवेल स्थित है, जिससे नगर निगम क्षेत्र में जल आपूर्ति की जाती है। ऐसे में दूषित पानी का सीधा असर आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों से चर्चा करते हुए महापौर नंदलाल देवांगन ने बिना ट्रीटमेंट किए पानी को नदी में छोड़ने पर तत्काल रोक लगाने और STP की व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए। वहीं निगम आयुक्त युगल किशोर उर्वशा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तकनीकी खामियों को तत्काल दूर कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात महापौर और निगम आयुक्त ने बेंद्री स्थित निगम के इंटकवेल का भी निरीक्षण कर जल गुणवत्ता की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य इकराम अहमद, संतोष साहू, कार्यपालन अभियंता डी. एल. देवांगन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कारा स्थित एसटीपी में बिना ट्रीटमेंट किए उद्योगों से निकलने वाला केमिकल युक्त दूषित जल खारून नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है। आने वाले दिनों में इसका असर बीरगांव नगर निगम क्षेत्र की जल आपूर्ति पर पड़ सकता है। इस पूरे मामले से जल्द ही रायपुर कलेक्टर को अवगत कराया जाएगा।
— इकराम अहमद,
प्रभारी लोक निर्माण विभाग, नगर निगम बीरगांव


