₹26 लाख की विकास सौगात से बदली बरौदा की तस्वीर, विधायक अनुज शर्मा ने किए कई भवनों का लोकार्पण व भूमिपूजन
बरौदा में विकास की नई इबारत: मड़ई मेले में शामिल होकर विधायक ने ग्रामीणों को दी बधाई
बरौदा | विधानसभा क्षेत्र |विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरौदा को विधायक अनुज शर्मा ने विकास की बड़ी सौगात देते हुए क्षेत्र को नई दिशा दी। अपने ग्राम दौरे के दौरान विधायक शर्मा ने कुल ₹26 लाख की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इन विकास कार्यों में सतनाम भवन एवं सामुदायिक मनोरंजन भवन का लोकार्पण, कबीर पंथी साहू समाज भवन, भक्त माता कर्मा भवन निर्माण, सुलभ शौचालय निर्माण तथा उप-स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। विधायक ने पूर्ण हो चुके कार्यों को जनता को समर्पित किया, वहीं नए निर्माण कार्यों की विधिवत आधारशिला रखी।
“यह सिर्फ निर्माण नहीं, गांव के सम्मान और सुविधा का विस्तार है” – अनुज शर्मा
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा,
“आज बरौदा के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का दिन है। ₹26 लाख की लागत से किए जा रहे ये कार्य केवल ईंट-पत्थर के निर्माण नहीं हैं, बल्कि यह हमारे गांव की श्रद्धा, सुविधा और सामाजिक सम्मान का निर्माण हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा आवश्यक है। ये नवनिर्मित भवन गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और सामाजिक आयोजनों को सशक्त मंच प्रदान करेंगे।
मड़ई मेले में विधायक की सहभागिता, परंपरा और संस्कृति को मिला सम्मान
विकास कार्यों के बाद विधायक अनुज शर्मा ग्राम में आयोजित पारंपरिक मड़ई मेला उत्सव में भी शामिल हुए और ग्रामीणों को उत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं और इन्हें संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग उपस्थित
इस अवसर पर सविता चंद्राकर, दिनेश खूटे, अशोक सिन्हा, प्रीति भरत सोनी, सुनील शर्मा सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।


