विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) विधानसभा स्तरीय बैठक में विधायक अनुज शर्मा ने किया कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन
धरसींवा | 21 दिसंबर 2025 (रविवार)
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सारागांव में रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विधानसभा स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य प्रभारी सुरेंद्र पाटनी एवं धरसींवा विधायक अनुज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी बूथ अध्यक्षों, शक्तिकेंद्र प्रभारियों, बूथ लेवल एजेंट (BLA) एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य और उसकी महत्ता की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि
“सही और शुद्ध वोटर लिस्ट बनाना ही सच्चे देशभक्त की पहचान है।”
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार देता है, जो केवल अधिकार नहीं बल्कि देश के भविष्य को दिशा देने की शक्ति है। इसी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रदेश भर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जा रहा है।
विधायक शर्मा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन करना है। इसके अंतर्गत
18 वर्ष पूर्ण कर चुके नए युवाओं का मतदाता पंजीकरण,
नाम, पता एवं अन्य विवरणों में सुधार,
मृतक अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाकर फर्जी मतदान पर रोक लगाना शामिल है।
उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि
“यदि आप 18 वर्ष के हो चुके हैं और अब तक मतदाता नहीं बने हैं, तो Form-6 भरकर गर्व के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ें। याद रखें—आपका वोट, आपकी आवाज़ है।”
विधायक ने यह भी बताया कि सभी बूथ लेवल एजेंट (BLA) घर-घर जाकर BLO के साथ समन्वय कर इस अभियान को सफल बनाएंगे। एक जागरूक मतदाता ही सशक्त प्रदेश और मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है।
बैठक में प्रमुख रूप से सुरेंद्र पाटनी, विधायक अनुज शर्मा, जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, संतोष शुक्ला, बी.आर. शुक्ला, नवीन अग्रवाल, टिकेश्वर मनहरे, के.के. वर्मा सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, शक्तिकेंद्र प्रभारी, बूथ एजेंट एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


