60 गांवों के हजारों ग्रामीणों को रायपुर जाने से मिलेगी राहत, शासन ने जारी की अधिसूचना
धरसींवा। विधानसभा क्षेत्र धरसींवा के ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा के लगातार प्रयासों के बाद धरसींवा ब्लॉक मुख्यालय में नवीन उप रजिस्ट्रार (उप पंजीयक) कार्यालय की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इस फैसले से क्षेत्र के लगभग 60 गांवों के हजारों ग्रामीणों को अब जमीन एवं संपत्ति रजिस्ट्री संबंधी कार्यों के लिए रायपुर नहीं जाना पड़ेगा।
चुनावी वादा हुआ पूरा
विधायक अनुज शर्मा ने इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह धरसींवा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता रही है।
उन्होंने कहा—
“हमारा उद्देश्य शासकीय सेवाओं को जनता के घर तक पहुँचाना है। अब ग्रामीणों को छोटी-छोटी सरकारी प्रक्रियाओं के लिए रायपुर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और पैसा दोनों बचेगा।”
उन्होंने मुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन ने क्षेत्र की पुरानी और जायज मांग को स्वीकार किया है।
ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
अब तक धरसींवा क्षेत्र के लोगों को जमीन, मकान और अन्य दस्तावेजों की रजिस्ट्री के लिए रायपुर जाना पड़ता था। इससे आम जनता को आर्थिक खर्च के साथ-साथ समय की भी भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। नए उप पंजीयक कार्यालय के शुरू होने से अब अधिकांश राजस्व संबंधी कार्य स्थानीय स्तर पर ही पूरे हो सकेंगे।
इन 60 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
नवीन उप पंजीयक कार्यालय के अंतर्गत धरसींवा क्षेत्र के 60 गांवों को शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से कुरा, भेरवा, पंडरभट्टा, मुरा, भैंसमुड़ा, बरतनारा, अकोली, मनोहरा, देवरी, कुकेरा, मलौद, सिलयारी, कुरूद, पथरी, पवनी, धरसींवा, सिलतरा, मांढर, चिखली, कुम्हारी, सारागांव, धनेली, सांकरा, निमोरा, लालपुर, कारा और बोरझरा सहित अन्य गांव शामिल हैं।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
शासन की अधिसूचना जारी होने के बाद धरसींवा क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों, किसानों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक अनुज शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में इस सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि विधायक के प्रयासों से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में लगातार प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।


