बीरगांव। नगर पालिक निगम बीरगांव में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने की, जिसमें निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आयुक्त श्री उर्वशा ने स्वच्छ सर्वेक्षण के मानकों, मूल्यांकन प्रक्रिया और नागरिक सहभागिता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण केवल एक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का एक जनआंदोलन है, जिसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
प्रशिक्षण सत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई, प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा जनजागरूकता गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने वार्डों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
इसके साथ ही आयुक्त ने स्वच्छ सर्वेक्षण से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की समयबद्ध पूर्ति, फोटो अपलोडिंग एवं डेटा एंट्री कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि बीरगांव नगर निगम बेहतर रैंकिंग हासिल कर सके।
बैठक में सहायक अभियंता श्री कृष्ण विजय सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमल नारायण जंघेल, उप अभियंता श्री नीतीश अमन साहू, केवल साहू, श्री अजीत राठौर, श्रीमती रंजीत, श्रीमती प्रभा टोप्पो, स्वच्छता निरीक्षक श्री राजेश सिंह क्षत्रिय, जिला समन्वयक श्री विकास कुमार जांगड़े सहित वार्ड सुपरवाइजर, पीडब्ल्यूडी सुपरवाइजर, सफाई ठेकेदार, सीटी ठेकेदार, स्वच्छता दीदी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में सभी उपस्थित जनों ने मिलकर बीरगांव को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का संकल्प लिया।


