मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए विधायक अनुज शर्मा
धरसीवां/खरोरा। नगर पंचायत खरोरा स्थित पीएमश्री भरत देवांगन शास. उत्कृष्ट हिन्दी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खरोरा में आयोजित वार्षिक उत्सव ‘प्रयास’ भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस वर्ष की थीम “सांस्कृतिक एकता और आधुनिक शिक्षा” रही।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य पंथी और करमा सहित आधुनिक कला विधाओं पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों का उत्साह, अनुशासन और रचनात्मकता साफ झलक रही थी।
मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
विधायक श्री शर्मा ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों, खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा अनुशासन समिति के सदस्यों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
“विद्यार्थी जीवन कच्ची मिट्टी की तरह” — अनुज शर्मा
अपने प्रेरक संबोधन में विधायक अनुज शर्मा ने कहा—
“विद्यार्थी जीवन एक कच्ची मिट्टी की तरह है, जिस साँचे में ढालो वैसा वे बनते हैं। शिक्षक और स्कूल उन्हें गढ़ने का काम करते हैं। विद्यार्थी केवल भविष्य के कर्णधार ही नहीं, बल्कि आज की ऊर्जा हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक बेहतर इंसान बनना है।”
उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, अनुशासन का पालन करने और अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए ऊँची उड़ान भरने का संदेश दिया। शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों के भीतर आत्मविश्वास जागृत करें और उन्हें जीवन मूल्यों से भी समृद्ध बनाएं।
कार्यक्रम में सुनीता अनिल सोनी, सोना वर्मा, सुमित सेन, नरेंद्र ठाकुर, रश्मि वर्मा, योगेश चंद्राकर, दुलेश्वर साहू सहित शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


