PM स्वनिधि योजना: बीरगांव में शुरू हुई क्रेडिट कार्ड स्कीम, महापौर नंदलाल देवांगन ने हितग्राहियों को सौंपे चेक
बीरगांव।प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत नगर निगम बीरगांव में छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। शुक्रवार को नगर निगम परिसर में क्रेडिट कार्ड योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर महापौर श्री नंदलाल देवांगन, नगर निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, नेता प्रतिपक्ष श्री ओमप्रकाश साहु सहित नगर निगम के पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधि गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड योजना से संबंधित चेकों का वितरण किया गया।
महापौर श्री नंदलाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना गरीब एवं मध्यम वर्गीय व्यापारियों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। क्रेडिट कार्ड सुविधा से अब छोटे दुकानदार अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ा सकेंगे तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करेंगे।
वहीं नगर निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने बताया कि निगम का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक पात्र स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे व्यापारियों को योजना से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें आसान ऋण सुविधा मिल सके और उनकी आजीविका मजबूत हो।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। नगर निगम बीरगांव ने इस पहल को स्थानीय व्यापारियों के सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया।


