रायपुर।भारत में गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक एवं आह्वान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम रविवार, 18 जनवरी को दोपहर 2:00 बजे आयोजित होगा। आयोजन स्थल विवेक कॉन्वेंट हाई सेकेंडरी स्कूल, विजय शॉप गली, फाफाडी चौक से रेलवे स्टेशन की ओर, रायपुर निर्धारित किया गया है।
आयोजन समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान पूरी तरह अहिंसात्मक, शांतिपूर्ण और बिना किसी व्यक्तिगत प्रचार के संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम में न तो कोई मंच होगा, न कोई नेता, न कोई चेहरा और न ही किसी प्रकार की प्रसिद्धि या नाम की चाह रखी जाएगी। इस अभियान का एकमात्र उद्देश्य गो माता को सम्मान दिलाना है।
आयोजकों ने सभी गो भक्तों, साधु-संतों एवं जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे समय का विशेष ध्यान रखते हुए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गो सेवा, गो सुरक्षा और गो सम्मान के इस पावन अभियान को सफल बनाएं।
आयोजन समिति का कहना है कि यह अभियान भारतवर्ष में गो माता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक कदम साबित होगा।


