महापौर मीनल चौबे ने किया स्थल निरीक्षण, 24 घंटे में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का अल्टीमेटम
रायपुर।नगर पालिक निगम रायपुर के महर्षि वाल्मीकि वार्ड अंतर्गत सेल्स टैक्स कॉलोनी में नलों से गंदा पानी मिलने की शिकायत मिलते ही महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। महापौर ने जल कार्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अगले 24 घंटे के भीतर हर हाल में कॉलोनी के सभी घरों में नलों से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता में लिया जाए।
महापौर ने नगर निगम जल कार्य विभाग, जोन-3 एवं जोन-9 की टीम द्वारा पाइपलाइन लीकेज के ट्रेस होने के बाद किए जा रहे सुधार कार्य की प्रगति का स्थल पर ही अवलोकन किया और कार्य को तेज गति से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
पाइपलाइन लीकेज बना समस्या की वजह
अधिकारियों ने महापौर को जानकारी दी कि पेयजल वितरण लाइन में लीकेज आने के कारण नलों से गंदा पानी आ रहा था। क्षेत्र में कांक्रीट सड़क होने के कारण लीकेज पॉइंट को ट्रेस करने में समय लगा, लेकिन अब विजय नगर चौक के समीप लीकेज पॉइंट चिन्हित कर आवश्यक तकनीकी सुधार कार्य किया जा रहा है। सुधार कार्य अंतिम चरण में है और शीघ्र ही सेल्स टैक्स कॉलोनी में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
अन्य क्षेत्रों में समस्या का समाधान
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सेल्स टैक्स कॉलोनी के आसपास के क्षेत्रों—पूर्व गायत्री नगर, पिंक सिटी आदि में गंदे पानी की समस्या का समाधान कर लिया गया है और वहां स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति की जा रही है। इन क्षेत्रों में कई घरों में बोर होने के कारण जल संकट की स्थिति गंभीर नहीं रही।
टैंकरों से की जा रही अस्थायी व्यवस्था
सेल्स टैक्स कॉलोनी के रहवासियों की मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम जल कार्य विभाग द्वारा पेयजल टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पानी की आपूर्ति की जा रही है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नगर निगम जल कार्य विभाग के अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू, पार्षद प्रतिनिधि श्री मनोज प्रभा विश्वकर्मा, जोन-3 के कार्यपालन अभियंता श्री सुशील मोडेस्टस, सहायक अभियंता श्री नरेश साहू, जोन-9 के उप अभियंता श्री आशुतोष पाण्डेय सहित जल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


