स्वच्छता, जलापूर्ति व डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था पर हुई गहन चर्चा
रायपुर। नगर निगम मुख्यालय भवन में आज महापौर श्रीमती मीनल चौबे की अध्यक्षता में नगर निगम के सभी 10 जोनों के जोन अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर स्वच्छता, नियमित जलापूर्ति एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
महापौर ने बैठक के दौरान जोन स्तर पर सफाई व्यवस्था की निरंतर समीक्षा, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, तथा पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि रायपुर शहर में निवासरत प्रत्येक नागरिक को बुनियादी सुविधाएं समयबद्ध और सुचारू रूप से मिलनी चाहिए।
कचरा संग्रहण गाड़ियों की संख्या बढ़ाने की मांग
बैठक में सभी जोन अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में रामकी कंपनी द्वारा संचालित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या कम होने की समस्या से महापौर को अवगत कराया। इस पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने संबंधित कंपनी प्रबंधन को तत्काल वाहनों की संख्या बढ़ाने एवं कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
जमीनी समस्याओं पर फोकस, त्वरित समाधान के निर्देश
प्रत्येक जोन के अंतर्गत आने वाले वार्डों में सफाई, कचरा संग्रहण, जलापूर्ति की नियमितता एवं नागरिकों की शिकायतों को लेकर गहन मंथन किया गया। जोन अध्यक्षों से जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई और आपसी समन्वय से शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए गए।
महापौर ने दो टूक कहा कि स्वच्छता एवं जल व्यवस्था नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा निर्धारित समय-सीमा में सुधार कार्य पूर्ण किए जाएंगे, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित नगरीय वातावरण मिल सके।
बैठक में उपस्थित जोन अध्यक्ष
बैठक में
जोन 1 – श्री गज्जू साहू
जोन 3 – श्रीमती साधना प्रमोद साहू
जोन 4 – श्री मुरली शर्मा
जोन 5 – श्री अबर अग्रवाल
जोन 6 – श्री बद्री प्रसाद गुप्ता
जोन 7 – श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा
जोन 8 – श्री प्रीतम सिंह ठाकुर
जोन 9 – श्री गोपेश साहू
जोन 10 – श्री सचिन बी. मेधानी
उपस्थित रहे।


