23 से 25 सितंबर तक महेश भवन में प्रवचन एवं रासलीला आयोजन
रायपुर। गुढ़ियारी स्थित महेश भवन में 23, 24 एवं 25 सितंबर 2025 को तीन दिवसीय श्री कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रवचन कार्यक्रम प्रभु श्रीराम स्वरूप जगद्गुरु रामानंदाचार्य श्री स्वामी नरेंद्राचार्यजी (दक्षिण पीठाधीश्वर, नानिज धाम, रत्नागिरी, महाराष्ट्र) के कृपापात्र शिष्य और प्रवचनकार भूषण श्री रोहित मोडे जी द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।
श्री कथा का आधार जगद्गुरु नरेंद्राचार्य जी द्वारा लिखित ‘श्री लीलामृत ग्रंथ’ होगा, जिसमें वैदिक परंपरा और 18 पुराणों का सार समाहित है। आयोजकों के अनुसार, यह कथा सात्विक ज्ञान का महासागर है, जिसका श्रवण जीवन में नीति, सत्य और आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान जगद्गुरु नरेंद्राचार्य जी की दिव्य चरण पादुका का दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर भी भक्तों को मिलेगा। तीनों दिन दिव्य रासलीला का मंचन होगा और प्रसादी वितरण की व्यवस्था रहेगी।
जगद्गुरु नरेंद्राचार्य महाराज संस्थान समाज कल्याण की अनेक गतिविधियाँ संचालित करता है, जिनमें निःशुल्क स्कूल- कॉलेज, महिला-पुरुषों के लिए वेद पाठशाला, दुर्घटनाग्रस्तों के लिए एम्बुलेंस सेवा, देहदान एवं अवयवदान अभियान प्रमुख हैं।
कार्यक्रम से जुड़ी एक और विशेषता यह है कि पाटन के ठाकुराइन टोला में रामानंदाचार्य जी की उप-पीठ की स्थापना की जाएगी।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे तीन दिवसीय कथा श्रवण कर भक्ति, पुण्य और गुरु आशीर्वाद का लाभ प्राप्त करें।

