बिरगांव। नगर पालिक निगम बिरगांव क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उरकुरा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र में ₹7 करोड़ 82 लाख की लागत से 10 लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी का निर्माण पूरा हो चुका है, वही लगभग 60 प्रतिशत पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी पूर्ण हो गया है।
नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के प्रभारी इकराम अहमद ने बताया कि बिरगांव निगम क्षेत्र के रहवासियों को लंबे समय से पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता रहा है। पूर्ववर्ती भूपेश सरकार द्वारा ₹104 करोड़ की जलप्रदाय योजना स्वीकृत किए जाने के बाद निगम क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में, कुछ क्षेत्रों को छोड़कर, सुबह-शाम नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है।
उरकुरा में तेजी से चल रहा पाइपलाइन का काम
वर्तमान में उरकुरा क्षेत्र में पेयजल की समस्या को देखते हुए जलप्रदाय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई पानी टंकी तैयार की जा चुकी है। 10 लाख लीटर क्षमता वाली इस टंकी के निर्माण पर ₹7.82 करोड़ की राशि खर्च की गई है। इसके साथ ही घरों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम भी जारी है।
बताया गया है कि अब तक करीब 60 प्रतिशत पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द उरकुरा क्षेत्र के रहवासियों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
हर घर तक पानी पहुंचाने का संकल्प
इकराम अहमद ने कहा कि जनता से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं का समाधान करना प्राथमिकता है। उरकुरा क्षेत्र में पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए किए जा रहे कार्यों से आने वाले समय में बड़ी संख्या में रहवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि बिरगांव के हर घर तक नियमित और पर्याप्त पेयजल पहुंचाना संकल्प है और इस दिशा में जारी कार्यों को समय पर पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उरकुरा में पानी की टंकी और पाइपलाइन का कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
