बिरगांव की 150 फीट विशाल तिरंगा यात्रा बनी देशभक्ति और एकता की मिसाल
बिरगांव। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिरगांव में 150 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गाज़ी नगर से शुरू हुई यह यात्रा बॉम्बे बेकरी, नगर निगम कार्यालय, बुधवारी बाजार, बिरगांव मेन रोड और व्यास तालाब चौक होते हुए जौहरे आजम चौक पहुंची। इस दौरान पूरा बिरगांव देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
जौहरे आजम चौक पर फहराया गया तिरंगा
गाज़ी नगर बिरगांव स्थित जौहरे आजम चौक पर डॉ. जौहर मियां शफियाबादी साहब ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश की आजादी के लिए हजारों वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी, तब जाकर भारत स्वतंत्र हुआ।
उन्होंने कहा कि आज भी कुछ ताकतें देश की एकता और अखंडता को कमजोर करने का प्रयास करती हैं। ऐसे लोगों को पहचानने और उनसे सावधान रहने की आवश्यकता है।
हजारों नागरिकों ने लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा में मुस्लिम समाज के साथ-साथ बिरगांव के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों का उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था। अमर शहीदों के जयघोष और राष्ट्रप्रेम के नारों से बिरगांव की सड़कें गूंज उठीं।
150 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली इस विशाल यात्रा ने एकता, भाईचारे और देशप्रेम की मजबूत मिसाल पेश की। शहर की सड़कों पर विशाल तिरंगे की छटा देखते ही बन रही थी। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने इस आयोजन को बिरगांव के लिए यादगार बना दिया।
पार्षद इकराम अहमद ने जताया आभार
इस अवसर पर पार्षद इकराम अहमद ने कहा कि यह यात्रा किसी एक व्यक्ति या संस्था का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे बिरगांव की जनता के सामूहिक देशप्रेम, एकता और भाईचारे का प्रतीक है। नागरिकों ने जिस उत्साह और उमंग के साथ यात्रा में हिस्सा लिया, वह बिरगांव की सामाजिक एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “बिरगांव की 150 फीट की विशाल तिरंगा यात्रा में उमड़े ऐतिहासिक जनसैलाब और आप सभी साथियों के अपार सहयोग के लिए हम हृदय से आभारी हैं। आपका प्रेम, उत्साह और देशभक्ति हमेशा याद रहेगी। यह यात्रा आने वाली पीढ़ियों को भी एकता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश देती रहेगी।”
इकराम अहमद ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, माताओं-बहनों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पुलिस, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आयोजन से जुड़े सभी साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
“तिरंगा हमारी एकता और गौरव का प्रतीक”
इकराम अहमद ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। बिरगांव की जनता ने जिस उत्साह और सम्मान के साथ तिरंगे को अपने हाथों में लेकर यात्रा में सहभागिता की, वह पूरे शहर के लिए गर्व की बात है।
इकराम अहमद
प्रभारी – लोक निर्माण विभाग
नगर निगम बिरगांव, रायपुर
