वर्षा जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम की विशेष पहल, नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

बीरगांव, रायपुर। वर्षा ऋतु में डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा “सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ” अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा के निर्देशन में निगम की टीम ने विभिन्न वार्डों में एंटी लार्वा दवा एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया।

अभियान के दौरान नालियों, जलभराव वाले क्षेत्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कर मच्छरों के प्रजनन को रोकने का प्रयास किया गया। साथ ही संक्रमण की आशंका वाले स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव किया गया, ताकि वर्षा के मौसम में फैलने वाली बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

नगर निगम की टीम ने इस दौरान नागरिकों को अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, पानी का जमाव नहीं होने देने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की। लोगों को बताया गया कि थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव संभव है।

आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने कहा कि बरसात के मौसम में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम लगातार विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चला रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निगम के इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखकर स्वस्थ बीरगांव के निर्माण में सहभागी बनें।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमल नारायण जंघेल, स्वच्छता निरीक्षक श्री राजेश सिंह क्षत्रिय तथा जिला समन्वयक (PIU) श्री विकास जांगड़े सहित नगर निगम की टीम उपस्थित रही।

Share.
Exit mobile version