रायपुर, 8 जुलाई। उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित 3D फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट में तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत पर लोक निर्माण विभाग, नगर निगम बिरगांव के प्रभारी इकराम अहमद ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे केवल एक हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में इकराम अहमद ने कहा कि उरला औद्योगिक क्षेत्र में लगातार इस प्रकार की घटनाएं होना इस बात का प्रमाण है कि कई फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों का प्रभावी ढंग से पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिसका खामियाजा मेहनतकश मजदूरों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सबसे दुखद पहलू यह है कि हर हादसे में निर्दोष मजदूरों की जान चली जाती है, जबकि जिम्मेदार लोग कार्रवाई से बच निकलते हैं। हादसे के बाद कुछ समय तक जांच और कार्रवाई की बात होती है, लेकिन बाद में मामले ठंडे बस्ते में चले जाते हैं।
इकराम अहमद ने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस घटना को केवल एक औपचारिक जांच तक सीमित न रखा जाए, बल्कि दोषी फैक्ट्री प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उरला सहित सभी औद्योगिक क्षेत्रों की फैक्ट्रियों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा कोई विकल्प नहीं, बल्कि उनका बुनियादी अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना सरकार तथा संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
— इकराम अहमद
प्रभारी, लोक निर्माण विभाग
नगर निगम बिरगांव, रायपुर
