मेटल पार्क, रावाभाठा, उरकुरा और उरला क्षेत्र प्रभावित, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
बिरगांव/रायपुर। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नगर निगम बिरगांव क्षेत्र के कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मेटल पार्क, रावाभाठा, उरकुरा एवं उरला सहित विभिन्न इलाकों में सड़कों और निचले क्षेत्रों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम बिरगांव के लोक निर्माण विभाग के प्रभारी एवं एमआईसी सदस्य इकराम अहमद ने बताया कि जलभराव की सूचना मिलते ही निगम अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। नालियों की सफाई और पानी की निकासी सुनिश्चित करने के लिए निगम की टीम लगातार मौके पर काम कर रही है, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति या जल निकासी संबंधी समस्या की जानकारी तत्काल निगम को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
