प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी ने डॉ. अशोक अग्रवाल से की सौजन्य भेंट, समाजहित और व्यापारी हितों पर मिलकर काम करने का लिया संकल्प

रायपुर। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी ने अपने सहयोगियों श्री किशोर आहूजा, श्री सुभाष बजाज एवं अन्य वरिष्ठ सदस्यों के साथ छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के निवास पर पहुंचकर उनसे आत्मीय सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने डॉ. अग्रवाल के स्वास्थ्य की कुशलक्षेम पूछते हुए सामाजिक एवं व्यापारिक विषयों पर सार्थक चर्चा की।

बैठक में अग्रवाल समाज एवं सिंधी समाज के बीच सामाजिक समरसता, व्यापारिक हितों के संरक्षण, संगठनात्मक सहयोग, युवाओं की सहभागिता तथा छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स में अग्रवाल समाज की सक्रिय भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

चर्चा के दौरान यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में आयोजित विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी को कनाडा सहित विभिन्न देशों की आधिकारिक यात्रा का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की बैठकों में छत्तीसगढ़ के व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखा।

सतीश थौरानी की व्यापारिक हितों के प्रति सक्रिय भूमिका और छत्तीसगढ़ के व्यवसायिक समुदाय का सशक्त प्रतिनिधित्व करने के लिए डॉ. अशोक अग्रवाल ने सभी अतिथियों का भगवान श्री अग्रसेन महाराज के पावन अंगवस्त्र (दुपट्टा) ओढ़ाकर सम्मान किया।

डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि समाजों के बीच आत्मीय संवाद, पारस्परिक विश्वास और सहयोग की भावना ही सामाजिक समरसता एवं संगठनात्मक मजबूती का आधार है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी ने सामाजिक संगठनों की भूमिका की सराहना करते हुए समाजहित एवं व्यापारी हितों से जुड़े कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक के दौरान डॉ. अशोक अग्रवाल ने अग्रवाल समाज द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी चेंबर पदाधिकारियों को दी।

दोनों संगठनों ने भविष्य में समाजहित, व्यापारी हित एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद और समन्वय के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह सौजन्य भेंट सामाजिक सद्भाव, संगठनात्मक एकजुटता, व्यापारिक सहयोग और परस्पर सम्मान की भावना को नई मजबूती देने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

Share.
Exit mobile version