अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: रायपुर में भव्य आयोजन की तैयारी, राज्यपाल रमेन डेका होंगे मुख्य अतिथि
रायपुर, 18 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम की समीक्षा के लिए जिला पंचायत परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि मंडपम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में स्कूल एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी योगाभ्यास करेंगे।
जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि योग दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
उन्होंने शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायतों, नगरीय निकायों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित करने तथा आमजन को योग से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रमों की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने पर भी जोर दिया।
बैठक में आयुष विभाग द्वारा संचालित ‘योग संगम’ पोर्टल पर सभी योग कार्यक्रमों की जानकारी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि अपने-अपने विभागों एवं अधीनस्थ संस्थाओं द्वारा आयोजित योग कार्यक्रमों का पंजीयन अनिवार्य रूप से पोर्टल पर कराएं, ताकि जिले में आयोजित गतिविधियों का समुचित संकलन किया जा सके।
बैठक में समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक अरविंद गेडाम, सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर, जिला आयुष अधिकारी स्वाति रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इस आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
