बीरगांव निगम का ‘नो प्लास्टिक’ अभियान तेज, कपड़े के थैले अपनाने की अपील
बीरगांव। नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नागरिकों से प्लास्टिक कैरीबैग का उपयोग बंद कर कपड़े एवं जूट के थैलों को अपनाने की अपील की जा रही है।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 30 की श्रीजल महिला स्व-सहायता समूह द्वारा कपड़े के थैलों का निर्माण किया जा रहा है। इन थैलों पर नगर निगम एवं संबंधित वार्ड का नाम भी अंकित किया गया है, जिससे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंच सके।
नगर निगम ने निर्णय लिया है कि स्वच्छता दीदियां घर-घर जाकर स्वच्छता संबंधी जागरूकता फैलाने के साथ-साथ नागरिकों को कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए भी प्रेरित करेंगी। निगम का उद्देश्य प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बीरगांव का निर्माण करना है।
इस अवसर पर महापौर नंदलाल देवांगन, निगम आयुक्त युगल किशोर उर्वशा एवं कार्यपालन अभियंता धन्नूलाल देवांगन ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए 50 से अधिक कपड़े के थैले खरीदे। प्रत्येक थैले की कीमत 30 रुपये निर्धारित की गई है। अधिकारियों ने नागरिकों से प्लास्टिक की जगह कपड़े एवं जूट के बैग का उपयोग करने की अपील करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में निगम सचिव श्वेता अंबिलकर, उप अभियंता प्रभा टोप्पो, मनीराम साहू, विकास जांगड़े, सुधा तिवारी एवं निधि राजपूत सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने महिला स्व-सहायता समूह के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए सहयोग प्रदान किया।
नगर पालिक निगम बीरगांव ने नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद कर कपड़े के थैलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं हरित बीरगांव के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की है।
