धरसींवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘घर-घर चलो अभियान’ के तहत धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम बंगोली, मोहरेंगा और बरौंडा का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए विकास कार्यों की समीक्षा की और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
विधायक अनुज शर्मा ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
कुम्हार परिवार से की आत्मीय मुलाकात
अभियान के दौरान विधायक अनुज शर्मा अचानक गांव के एक कुम्हार परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार का हालचाल जाना और उनके द्वारा तैयार किए जा रहे मिट्टी के बर्तनों एवं अन्य सामानों का अवलोकन किया। विधायक ने पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित करने की बात कही।
बुजुर्गों का किया सम्मान
दौरे के दौरान विधायक ने गांव के वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने बुजुर्गों को शॉल, फूलमाला और छाते भेंट कर सम्मानित किया। आगामी मानसून को देखते हुए छाते वितरित कर उन्होंने बुजुर्गों के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया।
ग्रामीणों के साथ बैठकर किया भोजन
ग्रामीणों से चर्चा करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि गांवों में लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें परिवार जैसा अपनापन महसूस होता है। उन्होंने बताया कि एक कार्यकर्ता के घर पर प्रेमपूर्वक परोसा गया सादा भोजन उन्हें किसी बड़े होटल के भोजन से अधिक संतोष देने वाला लगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ी संस्कृति और ग्रामीण जीवन की सादगी की सराहना की।
समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और बिजली से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। अनुज शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि धरसींवा विधानसभा के सभी गांवों का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
महासंपर्क अभियान में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, सभापति स्वाति वर्मा, तिल्दा जनपद अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे, उपाध्यक्ष सुरेंद्र दुलारी वर्मा, मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, बूथ अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने विधायक अनुज शर्मा का अपने बीच स्वागत करते हुए सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के प्रति समर्थन व्यक्त किया। अभियान के दौरान गांवों में जनसंपर्क और संवाद का माहौल देखने को मिला।
