पलारी। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज द्वारा प्रदेशव्यापी संगठन विस्तार अभियान के तहत पलारी ब्लॉक के गांव-गांव में ग्रामीण समितियों का गठन किया जा रहा है। प्रदेश कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप समाज को मजबूत बनाने और सामाजिक सुधार के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
ब्लॉक अध्यक्ष महेश ढीढी एवं ब्लॉक पदाधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न ग्रामों में बैठकों का आयोजन कर ग्रामीण समितियों का गठन किया जा रहा है। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन विस्तार के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
समाज में धर्मांतरण की प्रवृत्ति को रोकने तथा सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को संध्या आरती कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा राजधानी रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय सतनामी समाज अधिवेशन में पारित 15 सूत्रीय सामाजिक सुधार प्रस्तावों को गांव-गांव तक पहुंचाने और उनके क्रियान्वयन के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इन प्रस्तावों में प्रमुख रूप से 18 दिसंबर को ही गुरु घासीदास जयंती मनाने, पूरे प्रदेश में एक ही दिन जैतखाम पर ध्वजारोहण एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित करने, कफन प्रथा एवं मृत्यु भोज पर प्रतिबंध, सार्वजनिक आयोजनों में मांस एवं मदिरा के उपयोग पर रोक, जन्म, विवाह एवं मृत्यु संस्कारों में रूढ़िगत परंपराओं में सुधार तथा समाज की सहमति से ही जैतखाम निर्माण जैसे विषय शामिल हैं।
बैठकों में सामाजिक एकता, समन्वय और रीति-नीति में सकारात्मक बदलाव पर भी चर्चा की जा रही है। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि सामाजिक हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विषयों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
अब तक पलारी ब्लॉक के ग्राम पाहंदा, कुकदा, जंघलोर, घोटियां, कौवांडीह, वटगन, जुनवानी और बिजराडीह में बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जबकि शेष गांवों में बैठकें जारी हैं।
इस अभियान में ब्लॉक अध्यक्ष महेश ढीढी, कार्यकारी अध्यक्ष बसंत जांगड़े, युवा प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष सुखनंदन बघेल, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष भगवती टंडन, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष बाबूलाल बंजारे, उपाध्यक्ष चरण तेहरवंश, सचिव लोचन बांधे, अवध घृतलहरे, दाऊ लाल बांधे एवं सेवक भतपहरी सहित अनेक पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कई बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष एल.एल. कोशले, प्रदेश महासचिव मोहन बंजारे तथा जिला प्रभारी एवं प्रदेश सहसचिव दिनेश बंजारे भी शामिल होकर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। संगठन विस्तार को गति देने के लिए जिला पदाधिकारियों की तीन से चार सदस्यीय टीमों को ब्लॉकवार जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाते हुए सामाजिक सुधार और सांस्कृतिक संरक्षण के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
