रायपुर/छत्तीसगढ़। भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा प्रदेश में साहू, यादव, कुर्मी, जाट, देवांगन सहित अन्य वंचित समाजों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने सामाजिक न्याय, समान अवसर और आरक्षण के अधिकार को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
भीम आर्मी द्वारा जारी संदेश में कहा गया है कि साहू, यादव, कुर्मी, जाट, देवांगन तथा अन्य वंचित समाजों को उनकी जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व और अधिकार मिलना चाहिए। संगठन का कहना है कि 27 प्रतिशत आरक्षण सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी में समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों को मजबूत करना होगा। उन्होंने डॉ. अंबेडकर के विचारों को अपनाते हुए “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
भीम आर्मी ने प्रदेशभर के वंचित समाजों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत बनाने की अपील की है।
