- बीरगांव। नगर पालिक निगम बीरगांव में सोमवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM Rules 2026) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष सामान्य सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
सभा में निगम के स्वास्थ्य अधिकारी कमल नारायण जंघेल ने जनप्रतिनिधियों को SWM Rules 2026 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए उनके दायित्वों और भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनजागरूकता बढ़ाने की अपील की।
बैठक के दौरान विषय पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसके बाद सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। प्रस्ताव के तहत प्रत्येक वार्ड में 4-बिन प्रणाली, 4-स्ट्रीम कचरा पृथक्करण (Segregation), व्यापक जनजागरूकता अभियान तथा कचरा मुक्त वार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही निगम क्षेत्र में जीरो वेस्ट इवेंट (Zero Waste Event) को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी।
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन, सभापति कृपाराम निषाद, आयुक्त युगल किशोर उर्वशा, नेता प्रतिपक्ष ओमप्रकाश साहू, एमआईसी सदस्य इकराम अहमद, उबारन दास बंजारे, संतोष साहू सहित सभी सम्माननीय पार्षद, निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निगम प्रशासन ने कहा कि SWM Rules 2026 के सफल क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण होगी, जिससे बीरगांव को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त शहर बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकेगा।
SWM Rules 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बीरगांव नगर निगम की विशेष सामान्य सभा आयोजित
https://satyakeanjor.com/?p=79665
