रायपुर, 21 मई 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने सुशासन तिहार के तहत कोरिया जिले के सोनहत ब्लॉक स्थित ग्राम कुशहा में आकस्मिक प्रवास कर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। आम और पीपल के पेड़ों की छांव में आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मुद्दों पर अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय फल तेंदू, सतालू, चार और लीची का स्वाद लिया तथा ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं की सराहना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्रामीणों से बिजली, पानी, शिक्षा, राशन, आवास और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार के अंतर्गत क्लस्टरवार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उनका समाधान एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।

ग्रामीणों ने चौपाल में पेयजल संकट और मोबाइल नेटवर्क की समस्या प्रमुखता से उठाई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए गांव में जल्द मोबाइल टॉवर स्थापना की दिशा में पहल करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और स्टाफ की उपलब्धता, प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना तथा राशन वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ग्रामीणों से प्राप्त की। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें समय पर राशन और तेंदूपत्ता बिक्री का पारिश्रमिक मिल रहा है।

इस दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क एवं पुलिया निर्माण तथा गांव में हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने की मांग भी रखी। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों के समाधान का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में विधायक Bhaiya Lal Rajwade, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव श्री रजत बंसल, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version