25 साल की कला यात्रा और जनसेवा का डबल सेलिब्रेशन बना ऐतिहासिक आयोजन

रायपुरछत्तीसगढ़ी माटी के सपूत, छालीवुड फिल्म इंडस्ट्री के महानायक और पद्मश्री सम्मानित विधायक अनुज शर्मा का 50वां जन्मदिन सेवा, सम्मान और जनआशीर्वाद के बीच ऐतिहासिक अंदाज में मनाया गया। यह अवसर इसलिए भी खास रहा क्योंकि इसी वर्ष उन्होंने छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अपने गौरवशाली 25 वर्ष भी पूरे किए हैं। जन्मदिन समारोह को पूरी तरह जनसेवा, सामाजिक सरोकार और संस्कृति को समर्पित किया गया।

इस भव्य आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा को 50वें जन्मदिन और उनकी सफल कला यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की।

“अनुज सही मायनों में जनता के महानायक” – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अनुज शर्मा सही मायनों में जनता के महानायक हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा पर विश्वास जताया है, जो अनुज शर्मा की जनसेवा और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कला के माध्यम से समाज को जोड़ने और छत्तीसगढ़ की संस्कृति को विश्व पटल तक पहुंचाने में अनुज शर्मा का योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने विधायक के रूप में धरसींवा क्षेत्र में विकास और संगठन को नई मजबूती देने का कार्य किया है।

“धरसींवा की माटी ने मुझे कलाकार से बेटा और भाई बना दिया” – अनुज शर्मा

मुख्यमंत्री और जनता का आभार व्यक्त करते हुए विधायक अनुज शर्मा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों की कला यात्रा और जनता के प्रेम ने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।

उन्होंने कहा,

“लोग कहते हैं कि मैंने जीवन के 50 वर्ष पूरे कर लिए हैं, लेकिन मुझे ये 50 साल नहीं, बल्कि आप सभी के आशीर्वाद की अनगिनत बूंदें लगती हैं, जिनसे अनुज शर्मा नाम का यह सागर बना है।”

अनुज शर्मा ने कहा कि जनता ने उन्हें कलाकार के रूप में भरपूर प्यार दिया और अब विधायक के रूप में सेवा का अवसर भी प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि धरसींवा का हर घर उनका अपना घर है और क्षेत्र की जनता उनका परिवार है।

उन्होंने कहा,

“मैंने अपना जीवन रंगमंच और सिनेमा से शुरू किया, लेकिन धरसींवा की पावन माटी ने मुझे कलाकार से बेटा और भाई बना दिया।”

“जब तक सांस है, धरसींवा और छत्तीसगढ़ की सेवा करता रहूंगा”

विधायक अनुज शर्मा ने जनता से वादा करते हुए कहा कि वे जीवनभर अपनी संस्कृति, भाषा और माटी की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अपनी कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने और अपने कर्मों से धरसींवा की सेवा करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

शॉर्ट फिल्म ‘महानायक’ और फिल्म ‘सुहाग’ का OTT लॉन्च

इस खास अवसर पर विधायक अनुज शर्मा के जीवन, संघर्ष और जनसेवा पर आधारित विशेष शॉर्ट फिल्म ‘महानायक’ का वीडियो लॉन्च किया गया। वहीं दर्शकों की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सुहाग’ को आधिकारिक रूप से OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया, जिसे प्रशंसकों और उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

“हमर हीरो नं.1” के नारों से गूंजा सभागार

कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ी संस्कृति और पारंपरिक लोक धुनों के साथ हुई। जैसे ही अनुज शर्मा मंच पर पहुंचे, पूरा सभागार “हमर हीरो नं.1” के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रदेशभर से हजारों की संख्या में पहुंचे प्रशंसकों ने अपने चहेते महानायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

सेवा और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल

‘अनुज फैंस क्लब’ द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कई सामाजिक पहलें भी देखने को मिलीं—

63 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।

10 से अधिक दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर सहित सहायक सामग्री वितरित की गई।

60 से अधिक समाज प्रमुखों और वरिष्ठजनों का नागरिक अभिनंदन किया गया।

25 से अधिक सामाजिक एवं व्यापारिक संस्थाओं ने विधायक अनुज शर्मा का भव्य स्वागत किया।

कक्षा 12वीं में प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त करने वाली कु. हेमलता साहू को नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही औद्योगिक संस्थान सारडा एनर्जी द्वारा उनकी आगे की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने की घोषणा की गई।

सारडा एनर्जी द्वारा क्षेत्र को 10 लाख रुपये की सोनोग्राफी मशीन भी समर्पित की गई।

भाजपा में शामिल हुए 250 से अधिक कार्यकर्ता

कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा की कार्यशैली और विकासपरक सोच का प्रभाव साफ दिखाई दिया। समारोह के दौरान क्षेत्र के 60 सरपंचों सहित 250 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और अन्य दलों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक अनुज शर्मा ने सभी का पार्टी गमछा पहनाकर स्वागत किया।

कई दिग्गज नेता और कलाकार रहे मौजूद

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, सुनील सोनी सहित कई वरिष्ठ नेता, छालीवुड फिल्म इंडस्ट्री के कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

Share.
Exit mobile version