रायपुर, 13 मई 2026। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ ज़ोन अंतर्गत थाना खमतराई पुलिस ने मितानिन के घर विस्फोटक पदार्थ रखकर फरार हुए आरोपी विनय कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद लगातार अलग-अलग स्थानों पर छिपकर फरार चल रहा था, जिसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 मई 2026 की सुबह थाना खमतराई को सूचना मिली थी कि बीरगांव प्रगति चौक निवासी पुष्पा साहू के घर एक संदिग्ध बैग रखा हुआ है। बैग को उनके पूर्व परिचित विनय कुमार देवांगन ने 6 मई की रात यह कहकर छोड़ा था कि वह सुबह आकर ले जाएगा, लेकिन अगले दिन सुबह तक नहीं आने पर बैग की जांच की गई।
बैग खोलने पर उसमें बम जैसी सामग्री और पिस्टल दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस, BDS टीम और बैलिस्टिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे और बैग को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जांच की गई।
जांच के दौरान बैग से 3 बम नुमा बोतलें, तार और कनेक्टर, बैटरी, IED मैकेनिज्म, मोबाइल चिप, फिलामेंट, एयर पिस्टल सहित कई संदिग्ध वस्तुएं बरामद की गईं। BDS टीम द्वारा बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज किया गया। प्रारंभिक परीक्षण में विस्फोटक पदार्थ होने की पुष्टि होने पर थाना खमतराई में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 332/2026 के तहत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूचना मिली कि आरोपी रिंग रोड नंबर-2 भनपुरी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी विनय कुमार देवांगन ने बताया कि वह पारिवारिक क्लेश से परेशान था और आत्महत्या की नीयत से विस्फोटक पदार्थ तैयार किया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अतिरिक्त बैटरी, फटाका ज्वॉइंटर, वायर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MK 2712 भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी
विनय कुमार देवांगन (49 वर्ष)
पिता – राधेश्याम देवांगन
निवासी – ग्राम मलौद देवांगन पारा, पोस्ट सिलयारी, थाना धरसींवा, जिला रायपुर
हाल पता – वार्ड क्रमांक 31, त्रिमूर्ति नगर, मंजु किराना स्टोर्स के पास, बीरगांव, थाना उरला, जिला रायपुर।
