रायपुर।आज 13 मई को Indian Premier League के तहत Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders के बीच मुकाबला Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में खेला जाएगा। मैच को लेकर बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था लागू की है।
यातायात पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित बना रहे।
रायपुर शहर से स्टेडियम जाने का मार्ग
रायपुर शहर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा NH-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज, नया रायपुर मार्ग, स्टेडियम तिराहा और सांई अस्पताल रोड होकर स्टेडियम पहुंचेंगे। वाहन परसदा और कोसा पार्किंग में पार्क किए जाएंगे। पार्किंग भरने की स्थिति में श्री सत्य सांई अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।
बिलासपुर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए व्यवस्था
बिलासपुर से आने वाले दर्शक धनेली नाला, रिंग रोड-03, विधानसभा चौक, राजू ढाबा जंक्शन, मंदिर हसौद और नवागांव मार्ग से होकर स्टेडियम पहुंचेंगे। वाहन परसदा और कोसा पार्किंग में पार्क किए जाएंगे।
बलौदाबाजार-खरोरा मार्ग से आने वालों के लिए रूट
बलौदाबाजार और खरोरा से आने वाले दर्शकों को विधानसभा ओवरब्रिज चौक, रिंग रोड-03, विधानसभा चौक, राजू ढाबा जंक्शन और NH-53 होकर स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है।
धमतरी-जगदलपुर की ओर से आने वाले दर्शक
धमतरी और जगदलपुर मार्ग से आने वाले लोग अभनपुर, केंद्री, उपरवारा, मंत्रालय चौक, कोटराभाठा और सेंध तालाब होकर स्टेडियम पहुंचेंगे।
दुर्ग-भिलाई से आने वालों के लिए मार्ग
दुर्ग-भिलाई से आने वाले दर्शक टाटीबंध, रिंग रोड-01, पचपेड़ी नाका, तेलीबांधा थाना तिराहा और सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होकर नया रायपुर पहुंचेंगे।
महासमुंद-सरायपाली मार्ग से आने वालों के लिए व्यवस्था
महासमुंद और सरायपाली से आने वाले दर्शकों को आरंग से सीधे स्टेडियम टर्निंग होकर पार्किंग स्थल तक पहुंचने की सलाह दी गई है।
पासधारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग
जिन वाहनों के पास A, B, C, D, E, F और G पार्किंग पास जारी किए गए हैं, वे सेरीखेड़ी ओवरब्रिज, डॉ. खूबचंद बघेल चौक, कयाबांधा चौक और कोटराभाठा चौक होकर निर्धारित पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।
भारी वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
मैच के दौरान नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।
स्टेडियम में ये सामान ले जाना रहेगा प्रतिबंधित
दर्शकों को स्टेडियम में शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, माचिस, बोतल, डिब्बे, वाद्य यंत्र, छाता, डंडा, हॉकी स्टिक, झंडा, चाकू, तलवार, फटाखे, कांच के कंटेनर, खाद्य पदार्थ, लैपटॉप, कैमरा, लेजर लाइट, स्प्रे, सीटी, हॉर्न, जानवर, प्रचार सामग्री और सिक्के ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
यातायात पुलिस ने दर्शकों से समय से पहले निकलने और नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि मैच के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
