Ikram Ahmad द्वारा उठाई गई आपत्ति के बाद नगर पालिक निगम बिरगांव के वार्ड क्रमांक 32 में प्रस्तावित उप-निर्वाचन को जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्थगित कर दिया है। इस निर्णय को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पार्षद इकराम अहमद ने जिला निर्वाचन अधिकारी को औपचारिक आवेदन प्रस्तुत कर कहा था कि परिसीमन (Delimitation) के बाद वार्ड क्रमांक 32 का अस्तित्व समाप्त हो चुका है। ऐसे में समाप्त हो चुके वार्ड में उप-निर्वाचन कराना न तो विधिसम्मत है और न ही तार्किक।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया था कि इस परिस्थिति में चुनाव कराने से प्रशासनिक असंगति उत्पन्न होगी तथा सरकारी संसाधनों की अनावश्यक हानि होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने उप-निर्वाचन पर रोक लगाने का निर्णय लिया।
इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्षद इकराम अहमद ने जिला निर्वाचन अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि तथ्यों एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह निर्णय न्यायसंगत प्रक्रिया की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यह निर्णय बिरगांव क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और स्थानीय नागरिकों द्वारा भी इसे सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Share.
Exit mobile version