रायपुर/बीरगांवनगर पालिक निगम बीरगांव क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए बड़े स्तर पर भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर लगभग 53 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 1 करोड़ 81 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।

इन कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में सड़क, नाली, अधोसंरचना एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे बीरगांव निगम क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से लंबित कई विकास कार्यों के शुरू होने से क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

कार्यक्रम के आयोजन व स्वागत की जिम्मेदारी पद्मावती ओमप्रकाश साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं द्वारा निभाई जा रही है। आयोजन समिति ने बीरगांव क्षेत्र के नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर विकास कार्यों की इस पहल का हिस्सा बनने की अपील की है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इन विकास परियोजनाओं के शुरू होने से बीरगांव निगम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास होगा और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Share.
Exit mobile version