बीरगांव। होली के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम बीरगांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु विशेष स्वच्छता श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान के तहत आयुक्त श्री उर्वशा ने स्वयं अपने कार्यालय कक्ष (केबिन) की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। उनके साथ निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने-अपने कक्षों एवं कार्यालय परिसर में श्रमदान कर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया।
इस अवसर पर आयुक्त श्री उर्वशा ने कहा कि होली जैसे पावन पर्व पर हमें अपने घरों के साथ-साथ कार्यस्थल की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। स्वच्छ वातावरण सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है और कार्यक्षमता में वृद्धि करता है। उन्होंने कर्मचारियों से नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने तथा आम नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस पहल से निगम कार्यालय में स्वच्छता को लेकर नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। कर्मचारियों ने अभियान को सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
निगम प्रशासन ने जानकारी दी कि आने वाले समय में भी विभिन्न अवसरों पर स्वच्छता संबंधी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि “स्वच्छ एवं सुंदर बीरगांव” के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
