धरसींवा | रायपुर |हाइवे किनारे संचालित होटल–ढाबों में नियमों की खुलेआम अनदेखी और बढ़ती अव्यवस्था को लेकर धरसींवा भाजपा मंडल के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि हाइवे स्थित कई होटल–ढाबे रात 11 बजे के बाद भी पूरी रात खुले रहते हैं, जबकि इसके लिए कोई वैध अनुमति नहीं है। यह न केवल प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

⚠️ महिला सुरक्षा और श्रम कानूनों का उल्लंघन

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अधिकांश ढाबों में महिलाओं एवं लड़कियों से रात में वेटर के रूप में कार्य कराया जा रहा है, जो श्रम कानूनों के खिलाफ है और महिला सुरक्षा की दृष्टि से भी अनुचित है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि धरसींवा क्षेत्र औद्योगिक इलाका होने के कारण पहले से ही संवेदनशील है, ऐसे में रातभर खुले ढाबों में शराबखोरी और संदिग्ध आपराधिक तत्वों की मौजूदगी कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन रही है।

🛑 ग्रामीण इलाकों में नियम, हाइवे पर ढील क्यों?

पदाधिकारियों ने सवाल उठाया कि जब ग्रामीण क्षेत्रों में रात 10 बजे के बाद दुकानें बंद कर दी जाती हैं, तो फिर हाइवे के होटल–ढाबों पर अलग नियम क्यों लागू किए जा रहे हैं?

उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।

👥 नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन

यह ज्ञापन मंडल अध्यक्ष राकेश यादव एवं जिला पदाधिकारी अरविंद ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा सौंपा गया। सभी ने शीघ्र निरीक्षण, नियमों का सख्ती से पालन और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Share.
Exit mobile version