धरसीवां | राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर धरसीवां में भव्य एवं प्रेरणास्पद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष धरसीवां श्रीमती शकुंतला ढिलेंद्र सेन रहीं। विशेष रूप से पूजा अश्वनी वर्मा, सभापति स्वच्छता एवं पेयजल, तथा साहिल खान, सरपंच धरसीवां कार्यक्रम में शामिल रहे। इनके साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अतिथिगण, शिक्षकगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि स्कूल के बच्चों ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर प्रेरणादायक भाषण, कविता एवं स्पीच प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति का वातावरण निर्मित किया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के आत्मबल, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रतीक हैं। उनके विचार आज भी युवाओं को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम स्थल को तिरंगे रंगों, पुष्पमालाओं एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था। आयोजन में महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
👉 धरसीवां में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण का सशक्त संदेश बनकर सामने आया।
