सुप्रीम कोर्ट सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
रायपुर।भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय, रायपुर के स्वामी विवेकानंद सभागार में सड़क सुरक्षा विषय पर व्याख्यान एवं खुली परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन यातायात पुलिस रायपुर द्वारा कृषि महाविद्यालय रायपुर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त समन्वय से किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट ऑन रोड सेफ्टी कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश माननीय श्री अभय मनोहर सप्रे रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्रीमती फरिहा आलम सिद्दीकी (संयुक्त सचिव, शिक्षा विभाग), श्री डी. रविशंकर (अपर आयुक्त परिवहन), श्री एम. आर. अहीरे (उप पुलिस महानिरीक्षक यातायात) तथा श्री संजय शर्मा (सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं अध्यक्ष, अंतरविभागीय लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा छत्तीसगढ़) उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में न्यायमूर्ति सप्रे ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं दैवीय नहीं बल्कि मानवीय लापरवाही का परिणाम होती हैं और यातायात नियमों के पालन से इन्हें रोका जा सकता है। वीडियो क्लिप्स के माध्यम से उन्होंने बताया कि हेलमेट किस प्रकार जीवन रक्षक सिद्ध होता है।
न्यायमूर्ति सप्रे ने वियतनाम एवं थाईलैंड का उदाहरण देते हुए बताया कि सख्त यातायात नियमों एवं हेलमेट के अनिवार्य उपयोग से वहां सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में देश में 12वें स्थान पर है, वहीं रायपुर में वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 618 लोगों की मृत्यु हुई, जिनमें लगभग 70 प्रतिशत दोपहिया वाहन चालक थे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि हेलमेट पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए पहनें।
कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने वाले पाँच गुड सेमेरिटन —
श्रीमती नगीना रात्रे, श्री महेश पोद्दार, श्री जगमोहन साहू, श्री प्रफुल्ल साहू एवं श्री गागेंद्र सिंह राजपूत — को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती फरिहा आलम सिद्दीकी द्वारा विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। वहीं कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने विद्यार्थियों से कॉलेज में प्रवेश के पूर्व दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. संजय शर्मा (अधिष्ठाता छात्र कल्याण), डॉ. पी. के. सांगोड़े (कार्यक्रम समन्वयक, एनएसएस) सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, आरटीओ एवं ट्रैफिक विभाग के अधिकारी, पुलिस जवान, एनएसएस अधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्री संजय शर्मा (एआईजी यातायात) एवं डॉ. आरती गुहे द्वारा मुख्य अतिथि एवं सभी गणमान्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
