*धान की सुरक्षा और उठाव को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*
धरसींवा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा ने सोमवार को बंगोली धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। विधायक के अचानक निरीक्षण से केंद्र में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने किसानों के लिए उपलब्ध पेयजल, छाया व्यवस्था, नमी मापक यंत्र एवं तौल मशीनों की बारीकी से जांच की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि धान बेचने आए किसी भी किसान को टोकन, तौल या अन्य किसी प्रक्रिया के नाम पर अनावश्यक परेशान न किया जाए। विधायक ने कहा कि तौल प्रक्रिया समयबद्ध और पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े।
केंद्र परिसर में धान के ऊंचे ढेर और खुले में रखे अनाज को देखकर विधायक ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मौसम में संभावित बदलाव और बेमौसम बारिश की आशंका को ध्यान में रखते हुए खरीदे गए धान की तत्काल तिरपाल से कैपिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि केंद्र में जगह की समस्या न हो और नए किसानों को अपनी उपज रखने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विधायक अनुज शर्मा ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के अनाज की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसान के एक-एक दाने की खरीदी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान का हित सर्वोपरि है और खरीदी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सहकारी समिति के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।
