धरसीवां/रायपुरराष्ट्रीय पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत धरसीवां क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला ढिलेंद्र सेन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरसीवां पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से अपील की कि एक भी बच्चा पोलियो ड्रॉप से वंचित न रहे।

जनपद अध्यक्ष श्रीमती सेन ने कहा कि पोलियो जैसी घातक बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं समाज के हर वर्ग को सहयोग करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। साथ ही अभिभावकों को पोलियो से बचाव, नियमित टीकाकरण एवं बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक देकर देश को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखना है।

Share.
Exit mobile version