बीरगांव।नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा वार्ड क्रमांक 32 स्थित सांस्कृतिक भवन में एक भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 300 से अधिक सफाई मित्रों एवं स्वच्छता दीदियों ने सहभागिता कर विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।
इस विशेष शिविर के अंतर्गत स्वैच्छिक रक्तदान अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं रक्तदान कर समाज के प्रति प्रेरणादायी संदेश दिया।
एक ही छत के नीचे मिलीं अनेक स्वास्थ्य सुविधाएँ
स्वास्थ्य शिविर में निम्नलिखित नि:शुल्क जांच एवं परामर्श सेवाएँ प्रदान की गईं—
नेत्र परीक्षण
दंत परीक्षण
हड्डी रोग विशेषज्ञ परामर्श
स्त्री रोग परामर्श
मानसिक स्वास्थ्य परामर्श
सामान्य चिकित्सक द्वारा स्वास्थ्य परामर्श
सामान्य जांच (ब्लड प्रेशर, शुगर आदि)
साथ ही शैक्षिक रफ्तार कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी प्रतिभागियों को दी गईं।
अधिकारियों ने रक्तदान कर दिया सकारात्मक संदेश
इस अवसर पर नगर निगम बीरगांव आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, निगम सचिव श्रीमती स्वेता अंबिलकर, स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमल नारायण जंघेल, APM श्रीमती एकता दीवान, श्रीमती स्नेह सोनी एवं श्रीमती विन्धेश्वरी साहू ने स्वयं रक्तदान कर उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री विकास जांगड़े, आवास प्रेरक कुश मारू एवं निरेंद्र प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में सराहनीय पहल
स्वास्थ्य शिविर में शामिल चिकित्सकों ने सफाई मित्रों को आवश्यक परामर्श देते हुए नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सफाई मित्रों एवं स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य की समय पर जांच, उपचार एवं जागरूकता बढ़ाना रहा, जिसे सभी ने सराहा।
