रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता (गौसेवक एवं मेत्री संघ) के प्रांत स्तरीय पदाधिकारियों ने शनिवार को कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री राम विचार नेताम जी से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर संघ की ओर से मंत्री महोदय को श्रीफल, साल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही गौमाता का प्रतीक चिन्ह भी भेंट स्वरूप दिया गया।
इस मुलाकात में संघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, सचिव पुष्पकान्त शर्मा, कोषाध्यक्ष धर्मेश साहू, सह सचिव रामकृष्ण सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
25 वर्षों से निरंतर सेवा
अध्यक्ष श्री राजपूत और सचिव श्री शर्मा ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि संघ के कार्यकर्ता वर्ष 1999 से गौसेवक के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त कर विभागीय कार्यों में सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। इनमें बधियाकरण, टीकाकरण, प्राथमिक उपचार जैसे कार्य शामिल हैं।
साल 2005-06 से पशुधन विभाग द्वारा प्राइवेट कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता तैयार किए गए, जिन्हें सभी विभागीय कार्यों में लगाया गया। लेकिन अब तक कृत्रिम गर्भाधान का विशेष प्रशिक्षण नहीं मिलने से यह कार्यकर्ता उस क्षेत्र में योगदान नहीं दे पा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि कार्य आधारित मानदेय पर कार्य करने के बावजूद मानदेय राशि मिलने में कई वर्षों तक विलंब होता है, जिससे कार्यकर्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मंत्री ने दिलाया आश्वासन
इस पर मंत्री श्री राम विचार नेताम ने संघ की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना और कहा कि इस विषय पर विस्तृत जानकारी लेकर उचित पहल की जाएगी।
गोधाम के लिए मुख्यमंत्री का आभार
संघ की ओर से छग गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्री बिसेसर पटेल और संरक्षक संत श्री राम बालक दास महाराज का विशेष आभार व्यक्त किया गया। उनके प्रयासों से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी द्वारा गोधाम की स्वीकृति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिनिधि
इस अवसर पर रायपुर संभाग अध्यक्ष दुलारू राम साहू, दुर्ग संभाग से कमल किशोर पांडे, बस्तर संभाग से मंत्रीलाल जैन, रायपुर जिला अध्यक्ष नरेंद्र साहू, बालोद जिला अध्यक्ष किशोर साहू सहित सक्रिय सदस्य भूषण देवांगन (रायपुर), तिजेंद्र साहू (धमतरी), डोमन यादव (महासमुंद), नारायण यादव और श्रीराम साहू ,रूपेंद्र साहु उपस्थित रहे।
