“मां के नाम एक पौधा”: बच्चों संग माताओं ने रचा हरियाली का उत्सव
खमतराई संकुल के चार गांवों में लगा हजार से ज्यादा पौधों का जंगल
आरंग (रायपुर):
मां के आंचल सी ममता और धरती की गोद सी हरियाली… “एक पेड़ मां के नाम” अभियान ने दोनों को जोड़ दिया। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में हरियर स्कूल योजना के तहत खमतराई संकुल के गुखेरा, कलई, भोथली और खमतराई गांवों के स्कूलों में बच्चों और उनकी माताओं ने मिलकर वृक्षारोपण किया।
दो दिन चले इस अभियान में हजार से अधिक पौधे लगाए गए। इनमें आम, नीम, मूनगा, कटहल, गुलमोहर, आंवला, अशोक और सजावटी पौधे शामिल रहे। बच्चों ने मां के हाथ पकड़कर पौधे रोपे और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
—
गांव के लोग भी जुड़े, बना उत्सव जैसा माहौल
सिर्फ माताएं ही नहीं, गांव के सरपंच रेवती पुरुषोत्तम सोनवानी और पंचगणों ने भी उत्साह के साथ पौधे लगाए। पूरे गांव में यह अभियान पर्यावरण संरक्षण का त्योहार बन गया।
—
फोटो और सर्टिफिकेट से बच्चों में बढ़ा उत्साह
संकुल समन्वयक हरीश दीवान ने बताया कि पौधारोपण की तस्वीरें उच्च कार्यालय को भेजी गईं और प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट भी दिए गए। प्रधान पाठक अरविंद वैष्णव और के.के. साहू के साथ शिक्षक राम नारायण कन्नौजे, घनश्याम साहू, नोहर लाल यादव, विमला चौहान और फातिमा जांगड़े ने अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।