🌼 महाप्रभु ने बलभद्र-सुभद्रा संग किया नगर भ्रमण, भक्तों को दिए दर्शन

 

खरोरा। संवादाता रोहित वर्मा 

भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा का पर्व खरोरा अंचल में इस वर्ष भी अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्री राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी बालाजी मंदिर से निकली रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण को निकले और भक्तों को दर्शन देकर पुण्य प्रदान किया।

 

 

 

🚩 भक्तिमय वातावरण और जनभागीदारी

 

रथयात्रा गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, अग्रसेन चौक, शास्त्री चौक होते हुए पुनः बालाजी मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त कर स्वयं को धन्य माना। जयकारों और भजन-कीर्तन के बीच पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

 

 

 

🌾 गांवों में भी श्रद्धा के साथ निकली रथयात्रा

 

खरोरा के साथ-साथ आस-पास के गांवों में भी ग्रामीणों ने उत्साह और परंपरा के साथ रथयात्रा निकालकर गजामूंग प्रसाद ग्रहण किया और भगवान से गांव की समृद्धि, परिवार की कुशलता एवं अच्छी फसल की कामना की। रथयात्रा को लेकर समाज के सभी वर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

 

 

 

📜 पौराणिक मान्यता और ऐतिहासिक परंपरा

 

पंडित धनंजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पद्म पुराण के अनुसार भगवान जगन्नाथ की बहन सुभद्रा ने नगर भ्रमण की इच्छा जताई थी। तब भगवान जगन्नाथ और बलभद्र ने उन्हें रथ पर बैठाकर नगर दर्शन करवाया। यात्रा के दौरान वे गुंडिचा घर भी गए और वहां सप्ताह भर ठहरे। तभी से रथयात्रा की यह दिव्य परंपरा शुरू हुई।

 

 

 

🙏 महाप्रभु के स्वास्थ्य लाभ के बाद निकली यात्रा

 

बताया गया कि पिछले पखवाड़े भर से भगवान जगन्नाथ बीमार थे, जिनका उपचार वेद-पुराण की विधियों से किया गया। स्वस्थ होने के पश्चात उन्होंने भक्तों को नगर भ्रमण कर दर्शन दिया, जिससे उत्कल वासियों सहित सभी भक्तों में विशेष हर्ष का माहौल रहा।

 

 

 

👥 ग्रामीणों की भारी उपस्थिति

 

इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर धर्म, संस्कृति और आस्था के इस पर्व को गौरवशाली रूप दिया।

 

संपादन: सत्य के अंजोर डिजिटल डेस्क

रिपोर्ट: खरोरा संवाददाता

छत्तीसगढ़ एवं देश दुनिया की महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए satyakeanjor.com  में विजिट करे ।

Share.
Exit mobile version