बीरगांव। हॉकी के महान खिलाड़ी एवं भारत के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर नगर निगम के सांस्कृतिक भवन में रस्साकशी, कुर्सी दौड़ और चम्मच-बांटी दौड़ जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरोरा में छात्र-छात्राओं के लिए खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया।
महापौर ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम बीरगांव के महापौर श्री नंदलाल देवांगन ने किया। इस दौरान निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, एमआईसी सदस्य श्री इकराम अहमद एवं श्री संतोष साहू तथा पार्षद श्री केहरु राम साहू ने खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन हैं।
‘फिट इंडिया’ का दिया संदेश
राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन का उद्देश्य नागरिकों एवं विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेलों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों और युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर, निगम आयुक्त, एमआईसी सदस्य, पार्षद, स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक, क्षेत्रीय एवं जिला समन्वयक सहित आडवाणी स्कूल की शिक्षिका श्रीमती आंचल मिश्रा, श्री राजेश सिंह, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन ने बीरगांव में खेलों के प्रति उत्साह, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और स्वस्थ जीवनशैली की भावना को और मजबूत किया।
